राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुंबई-गोवा राजमार्ग की खराब स्थिति पर चर्चा की

Ads

राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुंबई-गोवा राजमार्ग की खराब स्थिति पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 04:42 PM IST

मुंबई, 12 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बुधवार को मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गईं।

मनसे के एक पदाधिकारी ने बताया कि यह बैठक मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क से जुड़े मुद्दों को लेकर हुई जहां ठाकरे रहते हैं। बैठक में लंबे समय से लंबित मुंबई-गोवा राजमार्ग के निर्माण कार्य को पूरा करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

ठाकरे ने बुधवार सुबह मुख्यमंत्री फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर उनसे मुलाकात की। इसके बाद मनसे नेता संदीप देशपांडे ने संवाददाताओं से कहा कि बैठक में मुंबई-गोवा राजमार्ग की स्थिति पर चर्चा हुई है।

उन्होंने गणेश उत्सव से पहले मुंबई-गोवा राजमार्ग पर नागोठणे पुल की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। गणेश उत्सव के दौरान मुंबई से बड़ी संख्या में लोग कोंकण क्षेत्र में अपने पैतृक स्थानों की यात्रा करते हैं।

देशपांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ठाकरे को आश्वासन दिया कि इस मुद्दे के समाधान के लिए इस सप्ताह एक बैठक आयोजित की जाएगी।

पिछले सप्ताह ठाकरे ने अगले साल होने वाले कुंभ मेले के आयोजन स्थल नासिक में सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर राज्य सरकार और भाजपा के नेतृत्व वाले नासिक नगर निगम की कड़ी आलोचना की थी।

विपक्षी शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने कहा कि ठाकरे के फडणवीस से मिलने में कुछ भी गलत नहीं है।

राउत ने कहा, “वह राज्य से जुड़े मुद्दों, खासकर मुंबई-गोवा राजमार्ग और नासिक में सड़कों के गड्ढों से संबंधित समस्याओं को लेकर वहां गए होंगे।”

राज्यसभा सदस्य राउत से जब पूछा गया कि क्या इस बैठक का कोई राजनीतिक एजेंडा था तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “वह (ठाकरे) फडणवीस को विदाई देने गए होंगे, क्योंकि वह शिक्षा मंत्री के रूप में दिल्ली जा रहे हैं।”

गौरतलब है कि फडणवीस ने हाल ही में अपने राष्ट्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज किया था।

भाषा तान्या नरेश

नरेश