राज ठाकरे प्रधानमंत्री मोदी से बहुत डरे हुए हैं: कोश्यारी

राज ठाकरे प्रधानमंत्री मोदी से बहुत डरे हुए हैं: कोश्यारी

राज ठाकरे प्रधानमंत्री मोदी से बहुत डरे हुए हैं: कोश्यारी
Modified Date: February 11, 2026 / 04:33 pm IST
Published Date: February 11, 2026 4:33 pm IST

मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के यह दावा करने के एक दिन बाद कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मोदी सरकार के भय से ही यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम में शामिल हुईं, राज्य के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को कहा कि ठाकरे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘बहुत डरे हुए’ हैं।

सप्ताहांत में आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत के संवादात्मक सत्र में सलमान खान, रणबीर कपूर और करण जौहर सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों के साथ ही कुछ सेवारत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी भी मौजूद रहे थे।

ठाकरे की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कोश्यारी ने नासिक में पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि वे (प्रमुख हस्तियां) डर के कारण आए। राज ठाकरे मोदी से बहुत डरे हुए हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘भगवान राम की तरह मोदी के लिए सभी नागरिक समान हैं। मैं राज का सम्मान करता हूं, वह मेरे छोटे भाई की तरह हैं। उन्हें मोदी से डरना नहीं चाहिए बल्कि उनके करीब जाना चाहिए। उन्हें गलत कामों से डरना चाहिए। आप छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती पर हैं।’’

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भागवत ने भाषा विवाद से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा था कि ‘‘स्थानीय बीमारी’’ फैलनी नहीं चाहिए।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकरे ने कहा कि अगर भागवत के अनुसार अपनी भाषा और राज्य के प्रति प्रेम एक बीमारी है, तो अधिकतर राज्य इससे ग्रस्त हैं, लेकिन वह अन्य राज्यों को ‘‘उपदेश’’ नहीं देते हैं।

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में