बलात्कार पीड़िता की प्रसव के दौरान मौत, मामला दर्ज

Ads

बलात्कार पीड़िता की प्रसव के दौरान मौत, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 23, 2024 / 07:15 PM IST,
    Updated On - July 23, 2024 / 07:15 PM IST

ठाणे, 23 जुलाई (भाषा) ठाणे के वाशी पुलिस थाने में 18 वर्षीय लड़की की प्रसव के दौरान मौत के बाद बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चूंकि कथित अपराध दिघी में हुआ था इसलिए इस संबंध में ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज कर उसे रायगढ़ जिले के दिघी पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।

श्रीवर्धन निवासी आरोपी हेमंत और पीड़िता की मुलाकात पिछले साल कंप्यूटर की कक्षा के दौरान हुई थी जिसके बाद दोनों दोस्त बन गए।

लड़की के माता-पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार उसने कथित तौर पर दो मौकों पर उसके साथ बलात्कार किया जिसके बाद लड़की गर्भवती हो गई।

इसके बाद लड़की अपने माता-पिता के साथ वाशी चली गई। 18 जुलाई को वह स्नानघर में खून से लथपथ पड़ी मिली और उसके बगल में एक नवजात शिशु पड़ा था।

अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया जबकि बच्चे की दो दिन बाद मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश