विमान दुर्घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार के बाद हमारा संदेह और गहरा हुआ: रोहित पवार

विमान दुर्घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार के बाद हमारा संदेह और गहरा हुआ: रोहित पवार

विमान दुर्घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार के बाद हमारा संदेह और गहरा हुआ: रोहित पवार
Modified Date: February 25, 2026 / 06:21 pm IST
Published Date: February 25, 2026 6:21 pm IST

मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बुधवार को दावा किया कि मुंबई पुलिस ने उस विमान दुर्घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु हो गई थी, और कहा कि इससे दुर्घटना को लेकर संदेह और गहरा हो गया है।

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि सरकार और सरकारी तंत्र किसी को संरक्षण दे रहे प्रतीत होते हैं।

नागरिक उड्डयन निदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को ‘वीएसआर वेंचर्स’ को चार विमानों का उपयोग फिलहाल नहीं करने का निर्देश दिया, जिसका विमान 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस दुर्घटना में अजित पवार और चार अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।

लियरजेट 45 विमान (वीटी-एसएसके) के 28 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद, डीजीसीए ने वीएसआर वेंचर्स का एक विशेष सुरक्षा ऑडिट करने का आदेश दिया था।

विमानन नियामक ने एक बयान में कहा कि बहु-विषयक ऑडिट दल ने कंपनी में विमान के उड़ान योग्य ना होने तथा हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन के क्षेत्र में अनुमोदित प्रक्रियाओं के कई गैर-अनुपालन पाए।

रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच पर पोस्ट किये गए एक संदेश में दावा किया, ‘‘ऐसे में जब अजित दादा के विमान दुर्घटना के संबंध में उचित कार्रवाई की प्रतीक्षा है, कल डीजीसीए की रिपोर्ट आई जिसमें कहा गया है कि यह दुर्घटना वीएसआर कंपनी की लापरवाही के कारण हुई थी।’’

हालांकि, इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण, उन्होंने पार्टी के विधान परिषद सदस्य अमोल मितकारी, इदरीस नाइकवाडी और विधायक संदीप क्षीरसागर के साथ दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस थाने जाकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

रोहित पवार ने दावा किया कि जब उनका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया और उनके आवेदन को केवल औपचारिकता के तौर पर स्वीकार कर लिया।

अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पवार ने पोस्ट में कहा, ‘‘पुलिस के इस रवैये ने विमान दुर्घटना को लेकर हमारे संदेह को और भी गहरा कर दिया है। अगर विपक्ष और सत्ताधारी दोनों दलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की मांग के बावजूद पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को खारिज कर रही है, तो यह महाराष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस तंत्र किसी को बचाने की कोशिश करते हुए प्रतीत हो रहे हैं और सवाल उठाया कि अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो क्या अजित पवार को न्याय मिलेगा।

राकांपा (शरद चंद्र पवार) विधायक रोहित ने कहा कि जब तक यह मामला तार्किक निष्कर्ष नहीं पहुंचता, वह चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि उनके चाचा अजित पवार से प्यार करने वाले सभी लोग बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बारामती तालुका पुलिस थाने जाएंगे।

हालांकि, उम्मीद है कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) 28 फरवरी से पहले दुर्घटना पर अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी करेगा, लेकिन कुछ हलकों द्वारा इसको लेकर चिंता जताई गई है कि दुर्घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है।

भाषा अमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में