महाराष्ट्र में पांच अगस्त से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल

महाराष्ट्र में पांच अगस्त से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल

महाराष्ट्र में पांच अगस्त से रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल
Modified Date: August 4, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: August 4, 2026 9:20 pm IST

मुंबई, चार अगस्त (भाषा) होमियोपैथी चिकित्सकों को ‘महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल’ (एमएमसी) में पंजीकरण देने के राज्य सरकार के प्रस्ताव के विरोध में ‘महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स’ (एमएआरडी) ने चार अगस्त की मध्यरात्रि से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की मंगलवार को घोषणा की।

एमएमसी ने 30 जून को एक अधिसूचना जारी कर होमियोपैथी डॉक्टरों को ‘मॉडर्न फार्माकोलॉजी’ (आधुनिक औषध-विज्ञान) में छह महीने का सर्टिफिकेट कोर्स (सीसीएमपी) पूरा करने के बाद आधुनिक दवाएं लिखने की अनुमति दे दी थी।

एमएआरडी ने एक बयान में कहा कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में हड़ताल के शुरुआती 24 घंटे के दौरान आपातकालीन और आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन ओपीडी सेवाओं, नियमित कार्य और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा।

संगठन ने कहा कि सरकार और संबंधित अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद बीएचएमएस-सीसीएमपी नीति के क्रियान्वयन को लेकर कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला है।

उसने कहा कि स्पष्ट कानूनी और नियामक ढांचे के अभाव में तथा यह मामला फिलहाल अदालत में लंबित होने के कारण एमएआरडी ने चार अगस्त की आधी रात से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला किया है।

भाषा सुमित पारुल

पारुल


लेखक के बारे में