पुणे, 14 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 28 जनवरी को हुए विमान हादसे की व्यापक और पारदर्शी जांच की मांग की है, जिसमें अजित पवार की मृत्यु हो गई थी।
कर्जत-जामखेड के विधायक पवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपनी चिंताओं को दर्शाते हुए एक प्रस्तुति के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को एक ई-मेल भेजा है।
उन्होंने भेजे गए पत्रों और ई-मेल की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उनकी मांग का उद्देश्य राजनीतिक नहीं, बल्कि दुर्घटना के पीछे की सच्चाई को निर्विवाद रूप से स्थापित करना है।
रोहित पवार ने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि घटनाक्रम को जनता के सामने रखा जाए, ताकि अटकलों या संदेह की कोई गुंजाइश ना रहे।’’
रोहित पवार ने दस फरवरी को संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि इस दुखद विमान दुर्घटना में साजिश की आशंका के पर्याप्त कारण हैं।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप