पालघर में आरटीआई कार्यकर्ता की पीटकर हत्या, राजस्व अधिकारी घायल

Ads

पालघर में आरटीआई कार्यकर्ता की पीटकर हत्या, राजस्व अधिकारी घायल

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:05 PM IST

पालघर, 12 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में अज्ञात लोगों के समूह ने एक आरटीआई (सूचना का अधिकार) कार्यकर्ता की पीटकर हत्या कर दी और एक राजस्व अधिकारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर बाद विरार के शिरगांव इलाके में एक खदान के पास हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘मंडल अधिकारी प्रभाकर पाटिल और आरटीआई कार्यकर्ता आत्माराम पाटिल आधिकारिक काम से शिरगांव गए थे, तभी अज्ञात लोगों के एक समूह ने उन्हें रोका और लाठियों से पीटा तथा अधिकारी के वाहन में तोड़फोड़ की।’’

इस घटना में आत्मराम पाटिल की मौत हो गई जबकि प्रभाकर पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। क्या हमला पूर्व नियोजित था और आधिकारिक कर्तव्यों, भूमि विवादों या खनन संबंधी मुद्दों से जुड़ा था, इस पर भी गौर कर रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि घटना के बाद शिरगांव में तनाव पैदा हो गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश