पुणे, पांच मार्च (भाषा) आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सुप्रीमो शरद पवार ने महाराष्ट्र की जनता को संसद के उच्च सदन में सेवा करने का एक और अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया।
16 मार्च को होने वाले चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन, 85 वर्षीय पवार खराब स्वास्थ्य के कारण विधान भवन में उपस्थित नहीं थे। उनकी बेटी और लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने उनकी ओर से नामांकन पत्र दाखिल किए।
‘एक्स’ पर एक बयान में पवार ने कहा, “जन प्रतिनिधि के रूप में मेरी यात्रा 1967 में शुरू हुई और आज तक निर्बाध रूप से जारी है। यह लंबी यात्रा केवल मेरी नहीं है; यह महाराष्ट्र की जनता की है, क्योंकि उनके विश्वास और समर्थन के कारण ही मैं बिना किसी रुकावट के इस संसदीय यात्रा को जारी रख सका हूं।”
पवार ने कहा कि उन्हें पहली बार 1967 में महाराष्ट्र विधानसभा के लिए निर्वाचित होने का अवसर मिला और उसके बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई जिम्मेदारियां संभालीं।
उन्होंने कहा, “जनता के विश्वास ने मुझे राज्य में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने का अवसर दिया, जिनमें मंत्री, मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के रूप में कार्य करना शामिल है। मुझे राष्ट्रीय स्तर पर भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनमें रक्षा मंत्री और बाद में दस वर्षों तक केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में कार्य करना शामिल है।”
अनुभवी नेता ने कहा कि इन भूमिकाओं को निभाने में जनता का विश्वास हमेशा से उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है।
पवार ने कहा, “एक बार फिर, महाराष्ट्र की जनता ने मुझ पर अटूट विश्वास जताते हुए मुझे अगले छह वर्षों तक सेवा करने का अवसर दिया है। इस भरोसे के लिए मैं महाराष्ट्र की जनता और अपने सभी सहयोगी दलों का तहे दिल से आभारी हूं।”
पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता का प्यार, विश्वास और समर्थन ही उनके जीवन की सच्ची ऊर्जा का स्रोत रहा है और वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अपने जीवन पर्यंत महाराष्ट्र के विकास और प्रगति के लिए काम करने के अवसर मिले।
राकांपा (शप) प्रमुख ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी वे अपनी सेवा के माध्यम से लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी से प्रयास करना जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, “फिलहाल, डॉक्टरों ने मुझे आराम करने की सलाह दी है। इसलिए, व्यक्तिगत रूप से मिलना और बातचीत करना मेरे लिए संभव नहीं है। इसलिए मैं इस बयान के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहा हूं। महाराष्ट्र की जनता का प्यार, समर्थन और विश्वास मेरे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेगा।”
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से दिवंगत नेता अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही, इस बार पवार परिवार के दो सदस्य महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य बनेंगे।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश