ठाणे, 11 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में शनिवार सुबह एक डंपर की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हादसा चाविंद्रा गांव स्थित डंपिंग ग्राउंड में हुआ। घटना से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए डंपिंग ग्राउंड परिसर में प्रवेश कर हंगामा किया।
भिवंडी तालुका पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन बरावे ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने डंपिंग ग्राउंड के प्रशासनिक कार्यालय तथा वहां खड़े दो डंपरों में आग लगा दी।
उन्होंने बताया कि भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया। आग पर भी तुरंत नियंत्रण पा लिया गया।
बरावे ने बताया कि इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई बच्ची की मौत के संबंध में दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मामला ग्रामीणों के खिलाफ दंगा और आगजनी के आरोप में दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि फरार डंपर चालक और तोड़फोड़ एवं आगजनी में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
भाषा
राखी माधव
माधव