सोलापुर, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मालशिरस तहसील के तहत तांदुलवाड़ी गांव के पास रविवार दोपहर एक वाहन सड़क किनारे खेत में बने कुएं में गिर गया था। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे।
इस क्षेत्र में एक परियोजना का काम संभालने वाली सड़क ठेकेदार नवजोत गढोक की कंपनी को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि ठेकेदार को पता था कि सड़क किनारे खेत में कुआं है लेकिन वह वहां अनिवार्य सुरक्षा उपाय करने में कथित तौर पर विफल रहा।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब पंढरपुर के रहने वाले 15 लोग एक मंदिर से लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क से नीचे फिसलता हुआ खेत में बने कुएं में जा गिरा।
प्राथमिकी के अनुसार ठेकेदार को राजमार्ग से सटे कुएं की मौजूदगी की जानकारी थी लेकिन वह उस स्थान पर सुरक्षा घेरा , चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त रोशनी, गति अवरोधक और परावर्तक लगाने में विफल रहा।
वेलपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि हमने नवजोत गढोक और उनकी कंपनी रोडवे कंस्ट्रक्शंस के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 125 (ऐसी लापरवाही या लापरवाही से काम करना जिससे मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़े) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा शोभना
शोभना