पूर्व सांसद आनंद परांजपे ने राकांपा छोड़ी

Ads

पूर्व सांसद आनंद परांजपे ने राकांपा छोड़ी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 07:45 PM IST

मुंबई, 14 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले से लोकसभा के सदस्य रहे आनंद परांजपे ने बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बताया है, लेकिन पवार को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि वह ‘एक नई यात्रा शुरू करने’ के लिए पार्टी छोड़ रहे हैं।

आनंद परांजपे ने पत्र में कहा कि उन्होंने पार्टी महासचिव, प्रवक्ता तथा ठाणे एवं पालघर जिलों के समन्वयक पद से इस्तीफा दे दिया है।

परांजपे ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का 14 वर्षों तक के जुड़ाव के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘नई यात्रा शुरू करने के लिए मैं भारी मन से राकांपा से अपना नाता तोड़ रहा हूं।’’

वरिष्ठ शिवसेना नेता स्वर्गीय प्रकाश परांजपे के पुत्र आनंद परांजपे ने 2012 में शिवसेना छोड़ दी थी और राकांपा में शामिल हो गए थे। जुलाई 2023 में जब अजित पवार राकांपा में विभाजन कर महायुति सरकार में शामिल हो गये थे तब आनंद परांजपे उनके (अजित पवार वाले गुट के) साथ चले गये।

आनंद परांजपे दो बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने 2009 में शिवसेना के टिकट पर कल्याण लोकसभा सीट जीती थी। हालांकि, 2014 के लोकसभा चुनाव में वह कल्याण से अविभाजित शिवसेना के श्रीकांत शिंदे से हार गए थे।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश