लातूर, 14 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) के कथित प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के लातूर में एक स्थानीय कॉलेज के एक सेवानिवृत्त शिक्षक को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
लातूर शहर, कोचिंग संस्थानों के केंद्र के रूप में जाना जाता है और पूरे महाराष्ट्र से छात्र-छात्राएं यहां कोचिंग के लिए आते हैं।
मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए तीन मई को हुई परीक्षा को प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बीच मंगलवार को रद्द कर दिया गया।
सरकार ने ‘अनियमितताओं’ की जांच के लिए सीबीआई को मामला सौंपा है।
एक छात्र के अभिभावक ने मंगलवार को यहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि लातूर के एक निजी कोचिंग संस्थान द्वारा लिये गये ‘मॉक टेस्ट’ में पूछे गए 42 प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के समान थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीबीआई टीम ने जांच के सिलसिले में यहां के एक कॉलेज के एक सेवानिवृत्त शिक्षक को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारी हालांकि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान और जांच के विवरण को लेकर कड़ी गोपनीयता बरत रहे हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश