नासिक, चार मई (भाषा) शिरडी पुलिस ने सोमवार को धोखाधड़ी के एक मामले की जांच के सिलसिले में ‘स्वयंभू बाबा’ अशोक खरात को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मामला अहिल्यानगर जिले के शिरडी में स्थित पिंपलवाड़ी के रहने वाले किसान रावसाहेब नानासाहेब गोंडकर (55) की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र साहूकारी (विनियमन) अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता गोंडकर ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2023 से खरात, उसकी पत्नी कल्पना खरात और तीन अन्य लोगों ने मिलकर गोंडकर से पांच करोड़ रुपये की ठगी की।
अधिकारी ने बताया, ‘शिरडी पुलिस ने खरात को हिरासत में ले लिया है। खरात के खिलाफ इस नौवें मामले में उसे कल अहिल्यानगर में स्थित राहाता अदालत में पेश किया जाएगा।’
पुलिस के मुताबिक, खरात को मार्च में कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसके बैंक लेनदेन और जमीन सौदों से जुड़ीं वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच की गई।
भाषा
राखी जोहेब
जोहेब