ठाणे, 20 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक जिमखाना में 23 वर्षीय एक युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को इसके आत्महत्या का मामला होने का संदेह है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम बदलापुर स्थित पाटिल माउंटेन व्यू जिमखाना में हुई। यह जिमखाना अपने क्रिकेट टर्फ और खेल मैदान के लिए जाना जाता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक भुवन पाटिल जिमखाना के भीतर था, तभी गोली चलने की आवाज आई। सूत्रों के अनुसार कुछ ही देर बाद वह गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में परिसर से बाहर लड़खड़ाता हुआ दिखाई दिया, बाद में उसकी मौत हो गई।
कुलगांव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवक गोली लगने के बाद इमारत से बाहर निकलते दिखा।
फॉरेंसिक दल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करके बैलिस्टिक साक्ष्य तथा अंगुलियों के निशान के नमूने एकत्र किए।
पुलिस घटना के समय जिमखाना के आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या असामान्य आवाजाही का पता लगाने के लिए तकनीकी आंकड़ों का भी विश्लेषण कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का एक मामला दर्ज किया गया है और शव परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कुलगांव पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी धवले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
भाषा तान्या अमित
अमित