लखनऊ अग्निकांड : जली हुई ‘अवैध’ इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू

Ads

लखनऊ अग्निकांड : जली हुई ‘अवैध’ इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 01:11 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 01:11 AM IST

लखनऊ, 20 जुलाई (भाषा) लखनऊ के अलीगंज में पिछले महीने आग लगने से 15 लोगों की मौत होने के मामले में सम्बन्धित तीन मंजिला इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई सोमवार को शुरू की गई।

अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित इस इमारत को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा जारी ध्वस्तीकरण आदेश के तहत बिल्डर ने खुद ही निर्माण तोड़ना शुरू कर दिया है।

एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि वीरेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला तथा अन्य द्वारा अलीगंज के सेक्टर-डी में भूखण्ड संख्या-एमएस-102 पर अवैध रूप से व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया गया था, जिसके विरूद्ध संबंधित प्राधिकारी ने गत 23 जून को नोटिस जारी कर इमारत के मालिकों को स्थल पर किये गये निर्माण कार्य की वैधता के सम्बंध में 15 दिन के अंदर साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद गत 10 जुलाई को विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा व्यावसायिक निर्माण कार्य को अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे और प्रतिवादी को स्वयं अपना अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है, जिसकी मियाद 25 जुलाई को पूरी होगी।

श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले ही सोमवार को बिल्डर की तरफ से अवैध निर्माण को तोड़ने का काम शुरू करा दिया गया। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना पर प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने टीम के साथ स्थल का निरीक्षण किया।

कुमार ने बताया कि स्थल पर उपस्थित प्रतिवादी के प्रतिनिधियों को बरसात के मौसम के मद्देनजर स्थल पर समस्त सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये हैं।

गत 22 जून को इसी इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत हो गयी थी, जिसके बाद निर्माण एवं अग्निशमन सुरक्षा के नियमों के कथित उल्लंघन की कई जांचें शुरू हुईं।

एलडीए ने अपने अधिकारियों और अभियंताओं की भूमिका की भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने अब तक इस आपराधिक मामले में चार लोगों इमारत के मालिकों वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला और राम कृष्ण उपाध्याय, एनिमेशन सेंटर चलाने वाले तुषार कृष्ण जायसवाल और सुरेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस घटना के सिलसिले में चार अधिकारियों को भी निलंबित कर दिया है।

भाषा सलीम धीरज

धीरज