तकनीकी खराबी के बाद हेलीकॉप्टर को पालघर के एक स्कूल के मैदान में आपात स्थिति में उतारा

तकनीकी खराबी के बाद हेलीकॉप्टर को पालघर के एक स्कूल के मैदान में आपात स्थिति में उतारा

तकनीकी खराबी के बाद हेलीकॉप्टर को पालघर के एक स्कूल के मैदान में आपात स्थिति में उतारा
Modified Date: February 11, 2026 / 11:54 am IST
Published Date: February 11, 2026 11:54 am IST

मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे पालघर जिले के एक स्कूल के मैदान में आपात स्थिति में उतारना पड़ा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।।

एक अधिकारी ने बताया कि निजी कंपनी का यह हेलीकॉप्टर मुंबई के जुहू से गुजरात के सूरत जा रहा था, जिसमें मुख्य पायलट, एक प्रशिक्षु पायलट और एक इंजीनियर सहित चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

सफाले थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक दत्ता शेल्के ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जब हेलीकॉप्टर सफाले और केलवा रोड स्टेशन के बीच उड़ान भर रहा था, तब पायलट ने हेलीकॉप्टर पर ‘रेड अलर्ट’ देखा और आपात स्थिति में उसे खुले स्थान पर उतारने का फैसला किया।’’

उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे इलाके के विद्या वैभव हाई स्कूल के मैदान में उतारा गया।

उन्होंने कहा, “हेलीकॉप्टर में मौजूद इंजीनियर ने तकनीकी खराबी का पता लगाकर उसे ठीक कर दिया। लगभग 40 मिनट तक वहां रहने के बाद हेलीकॉप्टर अपराह्न एक बजकर 10 मिनट पर स्कूल के मैदान से उड़ान भरकर जुहू लौट गया।”

उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर पुलिस की एक टीम पूरी घटना के दौरान मौके पर मौजूद रही।

भाषा यासिर खारी

खारी


लेखक के बारे में