मुंबई, 24 मार्च (भाषा) अभिनेता अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा है कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है।
दोनों अपनी अगली फिल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं, जो उनकी कई सफल कॉमेडी फिल्मों के बाद आ रही है।
अक्षय और प्रियदर्शन ने पहली बार वर्ष 2000 में फिल्म ‘हेरा फेरी’ में साथ काम किया था, जिसे अभिनेता की छवि को ‘एक्शन स्टार’ से हास्य अभिनेता में बदलने का श्रेय दिया जाता है। इसके बाद उनकी जोड़ी ने फिल्म ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी फिल्में दीं।
लंबे समय तक साथ काम करने के दौरान मतभेद होने के सवाल पर दोनों ने इनकार किया।
अक्षय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अगर मैं उनसे कहता हूं, ‘सर, यह अच्छा लग रहा है?’ और वे कहते हैं ‘नहीं’, तो मैं वह नहीं करता। इसमें कोई मतभेद नहीं होता।”
प्रियदर्शन ने कहा, “यह शब्द, उसका मतलब ही हमारे शब्दकोश में नहीं है।”
उनकी अगली फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निर्देशक प्रियदर्शन भूत-प्रेत में विश्वास नहीं करते, जबकि अभिनेता अक्षय कुमार का कहना है कि वह “ऊर्जाओं” में विश्वास करते हैं।
प्रियदर्शन ने कहा कि फिल्म में नवीनता इस बात में है कि इसमें देश में प्रचलित लोककथाओं, अंधविश्वास और काले जादू जैसे तत्वों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा, “हम इन कमजोरियों का इस्तेमाल कर रहे हैं और इसमें काफी तर्क भी जोड़ रहे हैं।”
अक्षय ने प्रियदर्शन को उन्हें ‘सिचुएशनल कॉमेडी’ से परिचित कराने का श्रेय दिया।
अक्षय ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे ‘सिचुएशनल कॉमेडी’ सिखाई। मैंने यह भी सीखा कि एक संपादक का कितना महत्व होता है और निर्देशक का दृढ़ विश्वास क्या मायने रखता है। अलग-अलग कोणों से शॉट लेने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने मुझसे कहा कि जो निर्देशक संपादक भी होता है, वह अपने काम को जानता है और निर्माता का समय और पैसा बर्बाद नहीं करता।’’
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश