मुंबई में सेना दफ्तर व रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी निकली फर्जी

मुंबई में सेना दफ्तर व रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी निकली फर्जी

मुंबई में सेना दफ्तर व रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी निकली फर्जी
Modified Date: April 28, 2026 / 09:14 pm IST
Published Date: April 28, 2026 9:14 pm IST

मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) मुंबई रेलवे पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में मंगलवार तड़के एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पांच करोड़ रुपये की मांग की और इसे पूरी नहीं किए जाने पर सेना कार्यालय और कुछ रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की धमकी दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर फोन को फर्जी करार दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को इरफान बताया और सुबह तीन बजकर पांच मिनट पर मुंबई जीआरपी के मुख्य नियंत्रण कक्ष में ‘व्हाट्सऐप कॉल’ की। उसने पांच करोड़ रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर सेना के कार्यालय और रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा दिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फोन करने वाले ने किन स्थानों को निशाना बनाने की बात कही थी।

जीआरपी ने आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को भी सतर्क कर दिया गया है।

रेलवे पुलिस का मुख्य नियंत्रण कक्ष वाडीबंदर में स्थित है, जो डोंगरी थाने के अंतर्गत आता है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में