नवी मुंबई की एक दुकान में तीन नकाबपोशों ने गोलीबारी की, 11 लाख रुपये के आभूषण लूटे

Ads

नवी मुंबई की एक दुकान में तीन नकाबपोशों ने गोलीबारी की, 11 लाख रुपये के आभूषण लूटे

  •  
  • Publish Date - July 29, 2024 / 09:10 AM IST,
    Updated On - July 29, 2024 / 09:10 AM IST

ठाणे, 29 जुलाई (भाषा) नवी मुंबई के खारघर इलाके में तीन नकाबपोशों ने एक दुकान में कई बार गोलीबारी की और 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लूट लिए। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

खारघर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात 10 बजे हुई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘काले कपड़े पहने तीन लोग ‘रिवॉल्वर’ लेकर दुकान में घुसे। उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया, उन पर हमला किया और 11.80 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। उन्होंने तीन मिनट में चार से पांच बार गोलियां चलाईं। इस दौरान हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ।’’

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं और कुछ लोग उनका पीछा करने की कोशिश कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत डकैती और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों अपराधियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा यासिर सिम्मी

सिम्मी