टीआईएसएस ने 48 घंटे पहले दीक्षांत समारोह स्थगित किया

Ads

टीआईएसएस ने 48 घंटे पहले दीक्षांत समारोह स्थगित किया

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 09:24 PM IST

मुंबई, एक अगस्त (भाषा) टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) ने अपने दीक्षांत समारोह को ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ का हवाला देते हुए 48 घंटे पहले स्थगित कर दिया।

इस समारोह में भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था।

संस्थान ने 31 जुलाई को संकाय सदस्यों को भेजे गए एक परिपत्र में बताया, “हमें आपको सूचित करते हुए खेद है कि अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण दो अगस्त को निर्धारित टीआईएसएस का 86वां दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया है।”

परिपत्र में कहा गया, “हम समझते हैं कि यह अवसर हमारे स्नातक विद्यार्थियों, उनके परिवारों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के लिए कितना महत्वपूर्ण है। स्थिति से निपटने के दौरान हम आपके सहयोग और धैर्य की गहराई से सराहना करते हैं। हम जल्द से जल्द नई तारीख और आगे की जानकारी साझा करेंगे।”

अचानक दीक्षांत समारोह स्थगित किए जाने से संकाय सदस्यों के साथ-साथ छात्र भी हैरान हैं।

एक संकाय सदस्य ने कहा कि काफी समय से यह जानकारी थी कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत शामिल होने वाले हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधान न्यायाधीश से जुड़ा विवाद भी सभी को अच्छी तरह पता था।

नीट प्रश्न पत्र लीक मामले के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने देशभर में, खासकर दिल्ली में, बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए थे।

इस कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।

संगठन के गठन के पीछे प्रधान न्यायाधीश की ‘कॉकरोच’ संबंधी टिप्पणी का हवाला दिया गया था।

संकाय सदस्य ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर कहा कि ऐसा लगता है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता ही इसके रद्द होने का कारण बनी।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर कोई कारण नहीं बताया गया।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश