मुंबई, एक अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के गृह मंत्री पंकज भोयर ने शनिवार को कहा कि अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या ‘अर्बन नक्सल’ से जुड़े कुछ संगठनों को विदेशी मदद मिली है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
भोयर ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि कुछ समूह युवाओं को गुमराह कर रहे हैं और ऐसे आरोपों वाले कुछ संगठन जांच के दायरे में आए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ संगठन ऐसे हैं, जो युवाओं की मदद से गलत काम करने और देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। हम जांच कर रहे हैं कि क्या उन्हें कोई विदेशी मदद मिली है।’’
हालांकि, भोयर ने जांच के दायरे में आए किसी संगठन की पहचान नहीं बताई, और न ही उन्होंने ‘अर्बन नक्सल’ से जुड़े कथित संगठनों का नाम लिया। उन्होंने कथित विदेशी मदद या जांच करने वाली एजेंसी के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी।
नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) से जुड़े प्रदर्शनकारियों को कुछ विदेशी नागरिकों द्वारा खाना उपलब्ध कराकर मदद करने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर, भोयर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘जानकारी जुटाई जा रही है, जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप