अलीगढ़, एक अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में 16 वर्षीय एक लड़की की मौत के कारणों पर संदेह के कारण दफनाए जाने के 52 दिन बाद शनिवार को उसका शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन द्वारा मामले की नए सिरे से जांच के आदेश दिए जाने के बाद शनिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के शाह जमाल कब्रिस्तान में नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई स्थानीय निवासी दुलारे खान की लिखित शिकायत के बाद की गई।
खान ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आठ जून की सुबह जब वह पास की मस्जिद से लौट रहे थे, तो उन्होंने शाह जमाल इलाके के एक घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं।
उन्होंने शिकायत में दावा किया कि दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला।
खान ने बताया कि अगले दिन उन्हें पड़ोसियों से पता चला कि उस घर में रहने वाली एक लड़की की अचानक मौत हो गई थी और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में सूर्योदय से पहले ही उसे दफना दिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई और बाद में मामले को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जब यह शिकायत जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंची, तो जिला प्रशासन ने शव को कब्र से निकालने का आदेश दिया।
नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने नए साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र