ठाणे में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में दो गिरफ्तार

ठाणे में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में दो गिरफ्तार

ठाणे में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में दो गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 08:15 pm IST
Published Date: February 7, 2022 1:09 pm IST

ठाणे, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर के एक पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने के आरोप में सोमवार को दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, घटना रविवार मध्यरात्रि उस समय हुई, जब दोनों आरोपी, जिनकी उम्र 30 साल के आसपास है, यहां श्रीनगर पुलिस स्टेशन में अपनी कार से जुड़े एक हादसे के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने आए थे।

अधिकारी ने बताया कि उसी समय एक दुपहिया वाहन मालिक भी इसी हादसे को लेकर शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।

अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद दोनों भाई दुपहिया मालिक को अपशब्द कहने लगे। उन्होंने बताया कि जब पुलिसकर्मियों ने दोनों भाइयों को रोकने की कोशिश की तो वे उनके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने लगे।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने बाद में दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 353 (किसी लोकसेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का उपयोग), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझ कर अपमान) और 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया।

भाषा पारुल शाहिद

शाहिद


लेखक के बारे में