पुणे, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे ज़िले में सोमवार को भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन की वजह से एक मकान गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य लापता सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना मावल तहसील के पाटन गांव में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अन्य घटना में खेड तहसील में बाढ़ से जलमग्न सड़क पर बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि तड़के गांव में भूस्खलन की वजह से मकान गिरने से परिवार के तीन सदस्य नंदू टिकोणे, माउली टिकोणे और अनीता नंदू टिकोणे मलबे में फंस गए।
पुलिस और जिला प्रशासन ने कहा कि घटना के समय घर के अंदर तीन लोग थे जबकि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने कहा कि मलबे के नीचे चार से पांच लोग फंसे हुए हैं।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे से दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, और अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।’’
पुलिस उपाधीक्षक गजानन टोम्पे ने कहा कि भारी बारिश के बाद इस सुदूर गांव में तीन जगह भूस्खलन हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘इन घटनाओं में से एक में, सोमवार तड़के विसापुर किले का एक हिस्सा खिसकने के बाद उसका मलबा एक मकान पर गिर गया। जिस वक्त यह घटना हुई तब घर के अंदर तीन लोग मौजूद थे।’’
अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय समूहों की टीम खोज एवं बचाव अभियान में जुटी है।
उन्होंने बताया कि इसी से जुड़े एक घटनाक्रम में, एनडीआरएफ की टीम ने मावल तहसील में घोरवाडी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव के बाद एक निजी बस में फंसे 37 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने बताया कि खेड तहसील में बारिश के दौरान सड़क पर पानी के तेज बहाव में एक दोपहिया वाहन सवार बह गया और बाद में उसका शव बरामद किया गया।
उन्होंने कहा कि जिले के 23 राजस्व सर्किल में 65 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले 48 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई।
डुडी ने कहा, ‘‘भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है, जबकि जलभराव ने कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है।’’
जिलाधिकारी ने कहा कि अवरुद्ध सड़कों को खोलने के लिए तमाम विभागों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
डुडी ने बताया कि मौसम की स्थिति के कारण लोनावला क्षेत्र में रेल यातायात भी बाधित हो गया, और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण सभी एजेंसियों के बीच चौबीसों घंटे समन्वय की आवश्यकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की मौसम चेतावनियों का जिक्र करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के ‘रेड अलर्ट’ के बाद सोमवार को पुणे जिले के सभी स्कूल बंद रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘स्कूल कल बंद रहेंगे या नहीं, इस पर निर्णय आज शाम मौसम के ताजा पूर्वानुमान की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।’’
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल