!बाबा’ खरात के पीड़ितों के वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दो गिरफ्तार, छह पर मामला दर्ज
!बाबा’ खरात के पीड़ितों के वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दो गिरफ्तार, छह पर मामला दर्ज
मुंबई, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में स्वयंभू बाबा अशोक खरात से जुड़े मामलों में महिला पीड़ितों के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और नासिक में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
खरात को 18 मार्च को एक महिला से पिछले तीन वर्षों में बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
मामले की जांच में महिलाओं का शोषण करते हुए उसके कई वीडियो मिले हैं।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही एसआईटी को ‘व्हाट्सएप ग्रुप’ सहित सोशल मीडिया पर इनमें से कुछ वीडियो मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अहिल्यानगर के कोपरगांव निवासी राहुल गंगाधर शिंदे ने 25 मार्च को एक पीड़ित का वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किया था जिसे कोपरगांव के ही एक अन्य निवासी योगेश पंढरीनाथ आधव ने बीड के माजलगांव निवासी अपने मित्र संदीप गर्जे को भेज दिया था।
अधिकारी ने बताया कि कोपरगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शिंदे व आधव को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि गर्जे की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
अहिल्यानगर के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घुघे ने गिरफ्तारियों की पुष्टि करते हुए चेतावनी दी कि इस तरह के आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति को तत्काल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
नासिक में इस तरह के वीडियो प्रसारित करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सतपुर थाने के एक अधिकारी ने इन लोगों की पहचान सिद्धार्थ रामोशे, रमीज शेख, राहुल पवार, प्रवीण काटे, राहुल हिवाले और साहिल सैयद के रूप में की है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


