ठाणे, 22 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने एक फार्महाउस में महिला से दुष्कर्म के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक नरेन्द्र पवार और बर्खास्त पुलिस अधिकारी शैलेंद्र पाटिल को पकड़ने के लिए छह टीम बनाई हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 22 वर्षीय विवाहित महिला की ओर से मिली शिकायत के आधार पर 17 सितंबर को पड़घा थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद से दोनों फरार हैं।
कथित घटना भिवंडी के बापगांव स्थित एक फार्महाउस में हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सदानंद दाते के सख्त निर्देशों के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की छह विशेष टीम बनाई गई हैं।
अधिकारी ने कहा कि फार्महाउस का सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) गायब है, जिसकी वजह से संदेह है कि आरोपियों के साथियों ने इसे हटा दिया।
उन्होंने बताया कि फार्महाउस की देखभाल करने वाला व्यक्ति भी फरार है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप