ठाणे में डिवाइडर से टकराकर पलटी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू, दो लोगों की मौत
ठाणे में डिवाइडर से टकराकर पलटी तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू, दो लोगों की मौत
ठाणे, 21 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार के सड़क के डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब चार बजे मुंबई-वडोदरा राजमार्ग पर बदलापुर के निकट हुई, जब लग्जरी कार टिटवाला से लौट रही थी।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी योगेश दीघे (26) और रिकेबा जैकब (24) के रूप में हुई है। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका ठाणे के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार कथित रूप से तेज गति से चलाई जा रही थी। इसी दौरान वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार कई बार पलटने के बाद रुकी।
दुर्घटना का प्रभाव इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने अधिकारियों को इस दुर्घटना की सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
बदलापुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी ने कहा, ‘‘इस दुर्घटना के संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।’’
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विभाग की टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि दुर्घटना के समय चालक शराब के प्रभाव में था या नहीं।
भाषा रवि कांत दिलीप
दिलीप

Facebook


