ठाणे, तीन मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में करंट लगने की अलग-अलग घटनाओं में उत्तर प्रदेश के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले के कल्याण और डोंबिवली इलाकों में रविवार रात यह घटना हुई।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिला निवासी संदीप घोरीलाल रावत (35) की कल्याण में अपने एक रिश्तेदार के घर पर पानी के पंप के पास हाथ-पैर धोते समय करंट लग जाने से मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना डोंबिवली के मानपाडा इलाके में हुई, जहां उत्तर प्रदेश के बस्ती जिला निवासी अजय कुमार दसाई गौतम (20) की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि बिरयानी की एक स्थानीय दुकान पर काम करने वाला गौतम अपने हाथ धो रहा था तभी अनजाने में उसने दुकान के अंदर एक लोहे के रैक को छू लिया और बिजली का झटका लगने से उसकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि दोनों घटनाओं में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया।
भाषा यासिर वैभव
वैभव