महाराष्ट्र: स्वयंभू बाबा खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज

महाराष्ट्र: स्वयंभू बाबा खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज

महाराष्ट्र: स्वयंभू बाबा खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज
Modified Date: March 23, 2026 / 08:10 pm IST
Published Date: March 23, 2026 8:10 pm IST

नासिक, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक महिला ने खरात पर तीन साल की अवधि में उससे कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि नए मामले सात महीने की एक गर्भवती महिला के कथित यौन शोषण और एक अन्य महिला को दोबारा शादी कराने का झांसा देकर उसका शोषण किये जाने से संबंधित हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नवंबर 2023 से दिसंबर 2025 के बीच खरात ने कनाडा कॉर्नर स्थित अपने कार्यालय में गर्भवती महिला से दुष्कर्म किया। उसने महिला को स्वस्थ संतान की प्राप्ति के लिए अनुष्ठान करने का वादा किया था। महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं एवं काला जादू की रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

अधिकारी ने बताया कि दूसरा मामला एक महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिसने कहा कि उसने और उसके परिजन ने उसकी शादी तय करने के लिए पहली बार 2013 में खरात से मुलाकात की थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता की शादी हो जाने के बाद भी खरात उसका शोषण करता रहा। शादी टूटने के बाद खरात ने उससे संपर्क किया और दावा किया कि वह उसकी दोबारा शादी करवा देगा। उसने उसके साथ दुष्कर्म करना जारी रखा। उसने 21 मार्च को शिकायत दर्ज कराई। खरात के खिलाफ सभी तीन मामले सरकारवाड़ा थाने में दर्ज किए गए हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला है कि खरात लोगों को रिमोट से चलने वाले 20 फुट लंबे नकली सांप और बाघ की नकली खाल से डराता था तथा साथ ही इमली के बीज 100 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से खरीदकर उन्हें पॉलिश करवाकर 10000 रुपये में रत्न बताकर बेचता था।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में