ठाणे की ऊंची आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोग झुलसे, 70 से अधिक को बचाया गया

Ads

ठाणे की ऊंची आवासीय इमारत में आग लगने से दो लोग झुलसे, 70 से अधिक को बचाया गया

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 09:04 AM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 09:04 AM IST

ठाणे, तीन फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 18 मंजिला आवासीय इमारत में मंगलवार तड़के आग लगने से दो लोग घायल हो गए और फंसे हुए 70 से अधिक लोगों को बचा लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि शास्त्री नगर इलाके में मिलन हिल इमारत की 10वीं मंजिल पर तड़के चार बजकर 14 मिनट पर आग मिनट लगने की सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि आग ‘इलेक्ट्रिक डक्ट’ के जरिए 10वीं से 13वीं मंजिल के बीच फैल गई जिससे इमारत के भीतर अत्यधिक धुआं भर गया।

‘इलेक्ट्रिक डक्ट’ एक प्रकार का सुरक्षात्मक मार्ग या पाइप होता है जिसका उपयोग बिजली की तारों और केबल को व्यवस्थित करने, उन्हें छिपाने और सुरक्षा प्रदान करने के लिए किया जाता है।

अधिकारी ने बताया कि धुएं के कारण करीब 70 निवासी इमारत में फंस गए थे, जिन्हें बाद में दमकल कर्मियों और आपदा प्रबंधन कर्मचारियों ने बचा लिया।

तडवी ने बताया कि 62 एवं 74 वर्षीय दो लोग झुलस गए हैं और उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि आग से ‘इलेक्ट्रिक डक्ट’ और 10वीं मंजिल पर दो फ्लैट के मुख्य दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आग पर सुबह साढ़े पांच बजे तक काबू पा लिया गया।

उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा

सिम्मी गोला

गोला