महाराष्ट्र में मादक पदार्थ तस्करी मामले के दो वांछित लखनऊ से गिरफ्तार

महाराष्ट्र में मादक पदार्थ तस्करी मामले के दो वांछित लखनऊ से गिरफ्तार

महाराष्ट्र में मादक पदार्थ तस्करी मामले के दो वांछित लखनऊ से गिरफ्तार
Modified Date: March 25, 2026 / 10:24 am IST
Published Date: March 25, 2026 10:24 am IST

पालघर, 25 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले के दो वांछितों को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार आरोपियों पर महाराष्ट्र में पब, होटल और निजी पार्टियों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने का आरोप है।

लखनऊ के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास एक टेम्पो स्टैंड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरदोई के भावेश चौहान उर्फ ​​लालू के रूप में हुई है, भावेश पालघर जिले में रहता था। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान नालासोपारा निवासी शोएब अशरफ पठान उर्फ ​​बाटला के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पालघर के नायगांव थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित थे।

एसटीएफ ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे पिछले चार से पांच वर्षों से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी में शामिल थे।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बाजार में उपलब्ध रसायनों का उपयोग करके ब्राउन शुगर बनाते थे और पब, होटलों और निजी पार्टियों में इसकी आपूर्ति करते थे।’

विज्ञप्ति के मुताबिक, पांच फरवरी को वसई-विरार मीरा-भायंदर इलाके में मादक पदार्थों की एक खेप जब्त होने के बाद वे लखनऊ के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश में थे।

वहीं, चौहान के खिलाफ वसई-विरार क्षेत्र के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना


लेखक के बारे में