मोदी की अपील के समर्थन में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मुंबई में मेट्रो ट्रेन में यात्रा की

Ads

मोदी की अपील के समर्थन में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मुंबई में मेट्रो ट्रेन में यात्रा की

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 06:34 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई , 12 मई (भाषा) अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गयी मितव्ययिता की अपील का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को यहां मेट्रो ट्रेन से यात्रा की और लोगों से ईंधन बचाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।

यहां बीकेसी और विधान भवन स्टेशनों के बीच मेट्रो ट्रेन की यात्रा करने के बाद आठवले ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील का राजनीतिकरण करने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ये उपाय सुझाए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने व्यक्तिगत रूप से यह निर्णय लिया है कि पेट्रोल और डीजल की बचत करने के दृष्टिकोण से मेट्रो से यात्रा करना आवश्यक है। अन्य लोगों को भी मेट्रो से यात्रा करनी चाहिए और ईंधन बचाने में मदद करनी चाहिए।’’

प्रधानमंत्री ने अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने समेत कई उपायों का आह्वान किया है।

राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को कहा कि मोदी की मितव्ययिता की अपील का अर्थव्यवस्था पर दूरगामी प्रभाव पड़ने की संभावना है और उन्होंने उनसे स्थिति पर चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया।

इस बारे में आठवले ने कहा, ‘‘शरद पवार और प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। अगर उन्हें कोई सुझाव देना हो, तो वह सीधे मोदी से बात कर सकते हैं।’’

इस सवाल पर कि क्या उनका मंत्रालय खर्च कम करने के लिए ऑनलाइन बैठकों और घर से काम करने की व्यवस्था को भी अपनाएगा, आठवले ने कहा कि इस संबंध में चर्चा चल रही है।

मितव्ययिता की अपील के बावजूद मोदी के निकट भविष्य में यूरोप की यात्रा पर जाने को लेकर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा का उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना है।

उन्होंने इन बातों को भी खारिज कर दिया कि ऐसी बैठकें ऑनलाइन आयोजित की जा सकती हैं और कहा कि ठोस परिणाम प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत राजनयिक दौरे आवश्यक हैं।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप