जी टीवी 19 सितंबर से ‘सा रे गा मा पा’ का नया सीजन शुरू करेगा
जी टीवी 19 सितंबर से ‘सा रे गा मा पा’ का नया सीजन शुरू करेगा
मुंबई, 17 सितंबर (भाषा) जी टीवी का लंबे समय से चल रहा म्यूजिक रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ नये सीजन के साथ 19 सितंबर से वापसी करेगा। नये सीजन में 360 डिग्री वाला मंच, 100 से अधिक संगीतकार और एक बड़ा कोरस समूह देखने को मिलेगा।
मुंबई में बृहस्पतिवार को आयोजित एक मीडिया कार्यक्रम में शो के नये सीजन की झलक दिखायी गयी। इसका प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात साढ़े नौ बजे जी टीवी पर होगा, जबकि इसकी स्ट्रीमिंग हिंदी में जी5 पर की जाएगी।
इंटरनेट के जरिए किसी कार्यक्रम या वीडियो को ऑनलाइन देखना या सुनना स्ट्रीमिंग कहलाता है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘हिंदुस्तान का संगीतस्थान’ विषय पर आधारित नया सीजन कार्यक्रम के प्रारूप को बड़े स्तर पर पेश करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों की संगीत परंपराओं का जश्न मनाएगा।
प्रसिद्ध पार्श्व गायक शंकर महादेवन, कुमार सानू, नीति मोहन और जावेद अली कार्यक्रम में संगीत गुरुओं की भूमिका निभाएंगे जबकि अभिनेता श्रेयस तलपड़े इस सीजन की मेजबानी करेंगे।
निर्माताओं के अनुसार, किसी भारतीय संगीत ‘रियलिटी शो’ में 360 डिग्री का मंच पहली बार इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे 100 से अधिक संगीतकारों वाले जीवंत वाद्यवृंद और बड़े कोरस समूह के साथ मिलकर तैयार किया गया है ताकि कार्यक्रम को जीवंत संगीत कार्यक्रम जैसा भव्य स्वरूप दिया जा सके।
भाषा प्रचेता माधव
माधव

Facebook


