(तस्वीर सहित)
भोपाल, एक अप्रैल (भाषा) लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को उस समय एक और झटका लगा जब सोमवार को सुबह उसके नेता एवं छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
अहाके राज्य की राजधानी भोपाल में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।
छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हो गए थे। शाह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी सहयोगी थे।
मुख्यमंत्री यादव ने संवाददाताओं से कहा कि छिंदवाड़ा से कांग्रेस सांसद नकुल नाथ ने आदिवासी समुदाय का अपमान किया था जिससे आहत हो कर अहाके भाजपा में शामिल हो गए हैं क्योंकि वह उस पार्टी में नहीं रहना चाहते जहां आदिवासियों का सम्मान नहीं किया जाता है।
छिंदवाड़ा, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गृह जिला है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को इस सीट पर मतदान होना है।
नकुल नाथ ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा से नामांकन पत्र दाखिल किया था और पूरे राज्य में यही एक मात्र सीट थी जिस पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। इस सीट से कमलनाथ भी नौ बार सांसद रह चुके हैं।
भाजपा ने इस बार यहां से विवेक बंटी साहू को मैदान में उतारा है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि अहाके नकुलनाथ द्वारा आदिवासी समुदाय के अपमान से आहत होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।
यादव ने कहा कि नकुल नाथ ने गोंड आदिवासी शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह को बेईमान और ‘‘देशद्रोही’’ बताकर अपमानित किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘छिंदवाड़ा के महापौर अहाके ने बोला कि वह ऐसी पार्टी में नहीं रहना चाहते जहां आदिवासियों का अपमान हो। इसलिए, वह आज भाजपा में शामिल हो गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा नगर निगम के अध्यक्ष भी अन्य नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छिंदवाड़ा के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
कमल नाथ वर्तमान में छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। उनकी पत्नी अलका नाथ 1996 में छिंदवाड़ा सीट से सांसद चुनी गई थीं।
कुछ हफ्ते पहले अटकलें थीं कि कमल नाथ और उनके बेटे भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, दोनों ने इन अटकलों को मीडिया की उपज करार दिया था। इसी बीच छिंदवाड़ा से कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो गए।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा