भारतीय मुक्केबाजों की अच्छी शुरुआत

Ads

भारतीय मुक्केबाजों की अच्छी शुरुआत

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 10:44 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 10:44 PM IST

ताशकंद, चार मई (भाषा) भारत के युवा मुक्केबाजों ने सोमवार को यहां एशियाई मुक्केबाजी अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा बनाए रखा।

अंडर-17 लड़कों की प्रतियोगिता में यश यादव (50 किग्रा) ने तुर्कमेनिस्तान के सुलेमान अहमदोव पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज की जबकि करुणा अल्बर्टसन कोम (60 किग्रा) ने ताजिकिस्तान के अली नजरॉव के खिलाफ 4-1 से जीत हासिल कर सभी को प्रभावित किया।

गोपाल रामेश्वर गणेशे (52 किग्रा) का मुकाबला काफी कड़ा रहा और वे ताजिकिस्तान के नजरॉव दामिर से 2-3 के मामूली अंतर से हार गए। प्रशांत मिश्रा (57 किग्रा) को भी चीन के तांगजी लियू के खिलाफ 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

अंडर-15 लड़कियों के क्वार्टर फाइनल में खुशी राणा (49 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वियतनाम की थी नगोक ट्रुक गुयेन के खिलाफ पहले ही दौर में रैफरी के मुकाबला रोकने (आरएससी) से जीत हासिल की जबकि हंसिका अत्री (46 किग्रा) ने उज्बेकिस्तान की विसोला बख्तियोरोवा पर 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।

नित्या पांडे (55 किग्रा) ने कड़ा मुकाबला किया लेकिन उन्हें कजाखस्तान की अरुणा शालमन के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

अंडर-15 लड़कों के वर्ग में समीर बोहरा (43 किग्रा) ने प्रारंभिक दौर में चीनी ताइपे के हाओ-टिंग चांग पर 5-0 से शानदार जीत दर्ज की।

भाषा सुधीर

सुधीर