नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) अफगानिस्तान की टीम भारत के अपने आगामी दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अफगानिस्तान एक टेस्ट मैच खेलेगा जिसके बाद तीन वनडे मैचों की श्रृंखला होगी। टेस्ट मैच छह से 10 जून, 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।’’
यह टेस्ट मैच हालांकि भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा नहीं है। ऐसा माना जा रहा है कि 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए भारत इस प्रारूप पर ध्यान केंद्रित करना चाहता है और इसलिए उसने तीन वनडे मैच का कार्यक्रम बनाया है।
वनडे श्रृंखला का पहला मैच 14 जून को धर्मशाला में शुरू होगा, जिसके बाद के मैच लखनऊ (17 जून) और चेन्नई (20 जून) में खेले जाएंगे। सभी वनडे मैच भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होंगे।
भाषा
पंत
पंत