आचार संहिता का उल्लंघन करने पर बराड़ को चेतावनी और एक ‘डिमैरिट’ अंक दिया गया

Ads

आचार संहिता का उल्लंघन करने पर बराड़ को चेतावनी और एक ‘डिमैरिट’ अंक दिया गया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 04:43 PM IST

दुबई, 16 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच दौरान ‘अनुचित और खतरनाक’ तरीके से गेंद फेंकने के लिए चेतावनी दी है और उनके खाते में एक ‘डिमैरिट’ अंक जोड़ा गया है।

बराड़ को आईसीसी की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो लेवल एक का अपराध है।

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘इसके अलावा बराड़ के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक ‘डिमैरिट’ अंक जोड़ा गया है। यह उनका पिछले 24 महीने की अवधि में पहला अपराध था।’’

यह घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में घटी, जब बराड़ ने फील्डिंग करते समय गेंद को ‘अनुचित और खतरनाक तरीके से’ बल्लेबाज की ओर फेंक दिया था।

भारत ने यह मैच छह विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की।

बराड़ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा दिए गए दंड को भी स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।

मैदानी अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगजस्की और चौथे अधिकारी रसेल वॉरेन ने बराड़ पर यह आरोप लगाया।

लेवल एक के उल्लंघन में न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो ‘डिमैरिट’ अंक शामिल हैं।

भाषा

पंत मोना

मोना