जकार्ता, 16 जुलाई (भाषा) भारतीय जूनियर मुक्केबाज विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) और गंगा (55 किग्रा) ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
अंडर-23 पुरुष फाइनल में भारत ने दो स्वर्ण पदक हासिल कर प्रभावित किया। मौजूदा सीनियर एशियाई चैंपियन विश्वनाथ ने पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में जापान के डायची इवाई पर 3-2 से जीत दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया।
वहीं गंगा ने भी कजाखस्तान के बेजुलाटन बोरानबेक पर समान अंतर से जीत दर्ज की।
वंशज (65 किग्रा) ने फाइनल में चुनौती पेश की लेकिन उज्बेकिस्तान के इखोमजोन अर्गाशेव से 1-4 से हारकर रजत पदक से संतोष किया।
अंडर-19 पुरुषों के फाइनल में भारतीय मुक्केबाजों ने जुझारू प्रदर्शन किया लेकिन रजत पदक ही जीत सके।
आदित्य (55 किग्रा) को उज्बेकिस्तान के एलियोर रूस्तामोव से 0-5 से जबकि शुभम राजपूत (90 किग्रा) को उज्बेकिस्तान के असादबेक सुल्तानबोएव से इसी अंतर से पराजय मिली।
भाषा नमिता मोना
मोना