एआई-संचालित काबुनी ने एलीट क्रिकेट कोचिंग को सुलभ बनाने के लिए वैश्विक मंच लांच किया

Ads

एआई-संचालित काबुनी ने एलीट क्रिकेट कोचिंग को सुलभ बनाने के लिए वैश्विक मंच लांच किया

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 03:34 PM IST

मुंबई, सात जून (भाषा) एआई-संचालित खेल प्रौद्योगिकी मंच काबुनी ने रविवार को एक वैश्विक क्रिकेट कोचिंग मंच लांच किया जिसका उद्देश्य रीयल-टाइम और व्यक्तिगत फीडबैक के माध्यम से सभी पृष्ठभूमियों के खिलाड़ियों के लिए उच्चस्तरीय प्रशिक्षण को सुलभ बनाना है।

मुंबई में आयोजित कंपनी के ‘प्लेटाइम 2026’ कार्यक्रम में इस मंच का अनावरण किया गया। यह मंच कंपनी की स्वामित्व वाली काबुनी प्लेओएस तकनीक का उपयोग करता है जो खेल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का लाइव विश्लेषण करती है और टाइमिंग, संतुलन, फुटवर्क तथा एलाइनमेंट जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का आकलन करती है। इसके आधार पर खिलाड़ियों को तुरंत कोचिंग संबंधी सुझाव मिलते हैं जो पहले केवल एलीट क्रिकेट अकादमियों में उपलब्ध थे।

कंपनी के अनुसार इस मंच का उद्देश्य ‘हर खिलाड़ी की जेब में एक विश्वस्तरीय क्रिकेट कोच उपलब्ध कराना’ है। साथ ही यह युवाओं को निष्क्रिय स्क्रीन गतिविधियों में समय बिताने के बजाय खेलकूद में अधिक समय देने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

काबुनी ने अपने ‘सुपर कोच’ के रूप में कई प्रसिद्ध क्रिकेटरों को भी जोड़ा है जिनमें सौरव गांगुली, शेन वाटसन, एबी डिविलियर्स और श्रेयस अय्यर शामिल हैं।

कंपनी ने इस मंच के शुरुआती लांच के लिए भारत को चुना है। इसके बाद इस वर्ष के अंत में इसे वैश्विक स्तर पर लांच करने की योजना है।

भाषा नमिता पंत

पंत