अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी का बचाव किया
अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी का बचाव किया
कोलकाता, सात अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी के तरीके को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच मंगलवार को जोर देते हुए कहा कि वह हमेशा से ही सहज और आक्रामक खिलाड़ी रहे हैं।
मौजूदा आईपीएल सत्र में तीन मैच में रहाणे ने मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के खिलाफ क्रमशः 67 (40 गेंद), आठ (10 गेंद) और नाबाद आठ (छह गेंद) रन बनाए।
सनराइजर्स के खिलाफ मैच के बाद रहाणे ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रही चिंताओं को यह कहकर खारिज कर दिया था कि 2023 के बाद से उनका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट में से एक रहा है और यह कि आलोचना अक्सर किसी खास एजेंडे के तहत की जाती है।
यहाँ बंगाल प्रो टी20 लीग के तीसरे सत्र के लॉन्च के मौके पर रहाणे ने कहा, ‘‘मैं हमेशा से ही एक सहज और आक्रामक खिलाड़ी रहा हूं लेकिन जिन फ्रेंचाइजी के लिए मैं पहले खेला वहां मेरी भूमिका अलग थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए हमेशा टीम ही सबसे पहले रही है कि मैं टीम के लिए कैसे योगदान दे सकता हूं। उस समय प्रबंधन ने मुझे जो भी करने को कहा मैंने अपनी पूरी क्षमता से उस भूमिका को निभाने की कोशिश की।’’
मुंबई के इस बल्लेबाज की उम्र अब 38 के करीब पहुंच रही है और हाल के सत्र में उन्होंने अधिक आक्रामक रवैया अपनाते हुए अपने खेल में जबरदस्त बदलाव किया है।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


