जेद्दा, 19 अप्रैल (एपी) सऊदी अरब का क्लब अल अहली चैंपियंस लीग एलीट फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में सोमवार को जापान के विसेल कोबे से भिड़ेगा।
एशिया के इस प्रमुख क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में जापान की माचिदा ज़ेलविया का मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात के शबाब अल अहली से होगा।
पिछले साल मई में पहली बार खिताब जीतने वाले अल अहली ने क्वार्टर फाइनल में यहां मलेशिया के जोहोर दारुल ताज़िम को 2-1 से हराया। जेद्दा टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण की मेजबानी कर रहा है।
अली मजराशी ने 19वें मिनट में आत्मघाती गोल किया जिससे जोहोर को बढ़त मिल गई। अल अहली के इस डिफेंडर को जल्द ही लाल कार्ड दिखाया गया। हाफ टाइम से ठीक पहले बार्सिलोना के पूर्व मिडफील्डर फ्रैंक केसी ने अल अहली के लिए बराबरी का गोल दाग दिया जबकि ब्राजील के विंगर गैलेनो ने दूसरे हाफ में विजयी गोल किया।
अन्य मैचों में कोबे ने 3-3 से ड्रॉ के बाद पेनल्टी शूटआउट में कतर के क्लब अल सद्द को, माचिदा ज़ेलविया ने मौजूदा सऊदी प्रो लीग चैंपियन अल इत्तिहाद को 1-0 से और शबाब अल अहली ने थाईलैंड के बुरिराम यूनाइटेड को 3-2 से हराया।
एपी
पंत
पंत