लखनऊ, 24 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों के तहत अलीगढ़ जिले में ओलंपिक स्तर का इंडोर खेल परिसर बनकर तैयार हो चुका है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका लोकार्पण कर सकते हैं।
राज्य सरकार द्वारा रविवार को जारी एक बयान के मुताबिक 13 हजार वर्ग मीटर में 57 करोड़ से अधिक की लागत से बना ओलंपिक स्तर की सुविधाओं वाला इंडोर खेल परिसर अब लोकार्पण के लिए बिल्कुल तैयार है।
बयान के अनुसार सिर्फ अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए नई उम्मीद और नए अवसरों का केंद्र बनने जा रहे अत्यधिक सुविधाओं से लैस इस परिसर का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही लोकार्पण करेंगे।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि यह मंडल का पहला ऐसा विश्वस्तरीय इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, जहां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल स्टेडियम बनाना नहीं, बल्कि गांव, कस्बों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।
मीणा ने बताया कि खेल परिसर को केवल अभ्यास केंद्र नहीं, बल्कि बड़े खेल आयोजनों के लिए एक सम्पूर्ण स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया गया है और दर्शकों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक दीर्घा बनाई गई है, जहां बड़ी संख्या में लोग बैठकर प्रतियोगिताओं का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा वीआईपी रूम, मीडिया रूम और आधुनिक लाउंज क्षेत्र भी तैयार किए गए हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन आसानी से कराए जा सकेंगे। इससे अलीगढ़ भविष्य में बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भी तैयार माना जा रहा है।
मीणा ने बताया कि इस विशाल खेल परिसर की सबसे बड़ी खासियत इसका राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल है जो भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का केंद्र बन सकता है।
भाषा सलीम नमिता
नमिता