सभी भारतीय महिला मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम: मुख्य कोच नीवा
सभी भारतीय महिला मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम: मुख्य कोच नीवा
(अपराजिता उपाध्याय)
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के मुख्य कोच सैंटियागो नीवा ने कहा कि उनकी प्रत्येक खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम है और उम्मीद जताई कि टीम पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगी।
भारतीय महिला मुक्केबाजों ने पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है तथा विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।
नीवा ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमारे पास एक मजबूत टीम है और हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद के साथ उच्च मानक निर्धारित किए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम इस साल ही नहीं पिछले साल के नतीजे को भी देखें तो हमारी प्रत्येक महिला मुक्केबाज ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक या रजत पदक जरूर जीता है। यही हमारा लक्ष्य है। हम जानते हैं कि उनमें से प्रत्येक स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम है।’’
भारतीय महिला टीम ने बर्मिंघम में 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में तीन पदक जीते थे। निकहत ज़रीन और नीतू घंघास ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि जैस्मीन लैंबोरिया ने कांस्य पदक हासिल किया। अगले राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से ग्लासगो में शुरू होंगे। मुक्केबाजी के मुकाबले इसके एक दिन बाद 24 जुलाई से शुरू होंगे।
नीवा का मानना है कि इंग्लैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के मुक्केबाजों से मिल रही कड़ी चुनौती के बावजूद मौजूदा टीम पिछले प्रदर्शन में सुधार करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि चुनौती आसान नहीं होगी। विशेष कर इंग्लैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया से कड़ी चुनौती मिलेगी। लेकिन मुझे लगता है कि हम पिछली बार जैसा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं या उससे भी बेहतर कर सकते हैं।’’
नीवा ने कहा, ’’खिलाड़ियों के पदक जीतने के साथ ही मैं उनके प्रदर्शन में सुधार भी देखना चाहता हूं। कभी-कभी पहले ही दौर में आपका सामना किसी मजबूत खिलाड़ी से हो जाता है और आप बाहर हो जाते हैं। इसलिए प्रदर्शन का समग्र विश्लेषण करना महत्वपूर्ण है। अगर हमारा प्रदर्शन अच्छा रहता है तो हमें पदक जरूर मिलेंगे।’’
भाषा
पंत
पंत

Facebook


