हॉकी झारखंड के अध्यक्ष बने हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष बने हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) विवादों से घिरे हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह चौथी बार हॉकी झारखंड के अध्यक्ष बन गए हैं जबकि मनोज कुमार प्रसाद महासचिव के पद पर चुने गए हैं ।
ये चुनाव रांची में रविवार को हुए । हॉकी इंडिया महानिदेशक आर के श्रीवास्तव ने यहां एक बयान में यह जानकारी दी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ हॉकी इंडिया ने वर्ष 2026 . 2030 के लिये 19 जुलाई 2026 को हॉकी झारखंड की कार्यकारी समिति के चुनाव के नतीजे की घोषणा वाला फॉर्म 9 प्राप्त कर लिया है । हॉकी इंडिया हॉकी झारखंड के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देती है ।’’
हॉकी झारखंड चुनाव विवादों से घिरे रहे चूंकि भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान, राष्ट्रीय चयनकर्ता और हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड की सदस्य असुंथा लाकड़ा ने महिला हॉकी खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न, धमकी और इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर बदले की कार्रवाई के आरोप लगाये हैं । उन्होंने भोलानाथ सिंह पर भी उन्हें धमकाने के आरोप लगाये हैं ।
असुंथा ने खेल मंत्रालय से मामले में दखल का अनुरोध किया था जिसके बाद मंत्रालय ने भारतीय ओलंपिक संघ को तटस्थ जांच कराने के निर्देश दिये हैं । इस बीच हॉकी इंडिया के आचार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत्त) राघवेंद्र कुमार ने झारखंड की खिलाड़ी अलबेला रानी टोप्पो की शिकायत पर लाकड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी किया जिसे लाकड़ा ने ‘बदले की कार्रवाई’ बताया है ।
चुनाव के दिन ही पूर्व ओलंपियन मनोहर टोप्नो, द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त सुमराइ टेटे, बीरेंद्र लाकड़ा समेत झारखंड के कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने लाकड़ा के समर्थन में भोलानाथ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था ।
भाषा
मोना आनन्द
आनन्द

Facebook


