विशाखापत्तनम, पांच अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री नारा लोकेश ने बुधवार को ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू की मौजूदगी में यहां ‘पीवी सिंधु सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस’ का भूमि पूजन किया।
पद्म भूषण से सम्मानित पीवी सिंधू की परिकल्पना पर तैयार हो रहा यह स्थल खेल और शिक्षा का एकीकृत केंद्र होगा। यहां सात खेलों के प्रशिक्षण के साथ-साथ उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान, खिलाड़ियों की रिकवरी (चोट और थकान से उबरना), पोषण, फिटनेस प्रशिक्षण और शैक्षणिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी।
नारा लोकेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मैंने विशाखापत्तनम के अरिलोवा स्थित गार्डन एरिया में बनने वाले सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू इस केंद्र की स्थापना कर रही है।”
यह केंद्र शहर को खेल, शिक्षा और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके जरिए कोचिंग, प्रतिभा पहचान, शोध सहयोग और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर मिलेंगे।
सिंधू ने कहा, ‘‘यह केंद्र भारतीय खेलों में मेरा सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। अपने पूरे करियर में अर्जित उपलब्धियों का बड़ा हिस्सा मैं ऐसी संस्था बनाने में लगा रही हूं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर तैयार करेगी।’’
उन्होंने कहा कि उनका सपना ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, शिक्षा और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए जरूरी सभी सुविधाएं मिल सकें।
सिंधू ने कॉरपोरेट कंपनियों और परोपकारी संस्थाओं से भी अपील की कि वे कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) और दीर्घकालिक सहयोग के माध्यम से इस पहल से जुड़ें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत खेल संस्थान तैयार किया जा सके।
यहां जारी बयान के अनुसार इस केंद्र का निर्माण कार्य मई 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर