नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) राजस्थान की अंजलि शेखावत ने सोमवार को यहां 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह स्मृति निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
अंजलि क्वालीफिकेशन में 576 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही थी। उन्होंने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 240.5 के स्कोर से शीर्ष स्थान हासिल किया।
हरियाणा की कनक बुधवार ने 238.7 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता जबकि पंजाब की अगम रंजीत कौर ग्रेवाल ने 216 के स्कोर से कांस्य पदक हासिल किया।
क्वालीफिकेशन दौर में तेलंगाना की ओलंपियन ईशा सिंह 582 अंक के साथ शीर्ष पर रहीं थी।
हालांकि ईशा सिंह और मध्य प्रदेश की महिमा तुर्ही अग्रवाल ने फाइनल में हिस्सा नहीं लिया। तुर्ही ने 575 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई किया था।
महिला वर्ग की रजत पदक विजेता कनक ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर महिला वर्ग में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 238.4 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की प्रियांशी पूर्वा ने 237.5 के स्कोर से रजत पदक जीता जबकि हरियाणा की ही केतन ने 216.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीतकर राज्य के लिए क्लीन स्वीप पूरा किया।
युवा महिला 10 मीटर एयर पिस्टल युवा महिला वर्ग में कनक ने एक बार फिर जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 244.3 के शानदार स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की नव्या ने 237.7 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि सेना की अंजली महेंद्र भागवत ने 215.3 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
टीम स्पर्धा में हरियाणा की प्रियांशी पूर्वा, नव्या और सुरभि राव की तिकड़ी ने 1718 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द