अरविंद चिदंबरम ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया
अरविंद चिदंबरम ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया
प्राग, चार मार्च (भाषा) मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम ने प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के छठे दौर में सटीक रणनीति अपना अपनाकर हमवतन डी गुकेश को हराया जिससे मौजूदा फिडे विश्व चैंपियन अंतिम स्थान पर खिसक गया।
अरविंद की जीत का मतलब है कि गुकेश अब लाइव रेटिंग सूची में 20वें स्थान पर खिसक गए हैं। किसी प्रतियोगिता में नहीं खेलने के कारण विश्वनाथन आनंद इस सूची में शामिल नहीं हैं। दिसंबर 2024 में खिताब जीतने के बाद से गुकेश को विश्व चैंपियन का अपना रुतबा बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
जनवरी 2025 में टाटा स्टील मास्टर्स टूर्नामेंट एकमात्र अपवाद था, जब पहले स्थान के लिए खेले गए टाईब्रेकर में वह हमवतन आर प्रज्ञाननंदा से हार गए थे।
अरविंद ने काले मोहरों से खेलते हुए फिलिडोर डिफेंस का प्रयोग बुरी तरह विफल होने के बाद सिसिलियन डिफेंस अपनाया। गुकेश के लिए मुश्किलें खड़ी करना आसान था क्योंकि मिडिल गेम के शुरू में उन्होंने अपना एक प्यादा कुर्बान कर दिया था। अरविंद ड्रॉ से खुश हो जाते लेकिन गुकेश ने 40वीं चाल में गलती की। अरविंद ने इसका फायदा उठाकर 48 चाल में जीत हासिल कर दी।
दिन के अन्य मैच ड्रॉ रहे। इस तरह से जोर्डन वैन फोरेस्ट 4.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने स्थानीय स्टार डेविड नवारा के साथ अंक बांटे। नवारो चार अंक लेकर उज्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव नोदिरबेक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
ईरान के परहम मगसूदलू के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद डेविड एंटोन गुइजारोव 3.5 अंक के साथ अगले स्थान पर हैं। उनके बाद अरविंद, जर्मनी के विन्सेंट कीमर और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव का नंबर आता है। नीमन 1.5 अंकों के साथ गुकेश से ठीक ऊपर हैं।
चैलेंजर्स वर्ग में विश्व महिला कप विजेता दिव्या देशमुख ने नीदरलैंड के थॉमस बीर्डसेन के साथ ड्रॉ खेला, जबकि सूर्य शेखर गांगुली ने स्पेन के डैनियल युफ्फा के साथ अंक साझा किया।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


