एशियाई एथलेटिक्स: गुलवीर ने स्वर्ण और सेबेस्टियन ने कांस्य पदक जीता

एशियाई एथलेटिक्स: गुलवीर ने स्वर्ण और सेबेस्टियन ने कांस्य पदक जीता

एशियाई एथलेटिक्स: गुलवीर ने स्वर्ण और सेबेस्टियन ने कांस्य पदक जीता
Modified Date: May 27, 2025 / 02:12 pm IST
Published Date: May 27, 2025 2:12 pm IST

गुमी (दक्षिण कोरिया), 27 मई (भाषा) राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह ने मंगलवार को यहां एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शीर्ष स्थान हासिल करके भारत को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता 26 वर्षीय गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27:00.22 सेकंड है जो उन्होंने इस साल की शुरुआत में बनाया था।

जापान के मेबुकी सुजुकी (28:43.84) ने रजत, जबकि बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप (28:46.82) ने कांस्य पदक जीता।

इससे पहले दिन में सर्विन सेबेस्टियन ने पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में एक घंटा 21 मिनट और 13.60 सेकंड (1:21:13.60) का समय लेकर कांस्य पदक जीतकर भारत का प्रतियोगिता में खाता खोला था।

चीन के वांग झाओझाओ (1:20:36.90) और जापान के केंटो योशिकावा (1:20:44.90) ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीता।

सेबेस्टियन का समय उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 1:21:23 से थोड़ा अधिक था, जो उन्होंने इस वर्ष फरवरी में उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान बनाया था।

इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अमित 1:22:14.30 समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए 59 सदस्यीय दल भेजा है। भारत ने पिछली बार इस चैंपियनशिप में 27 पदक जीते थे।

भाषा

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में