एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 30 देश के खिलाड़ी लेंगे भाग

Ads

एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 30 देश के खिलाड़ी लेंगे भाग

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 06:03 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 06:03 PM IST

अहमदाबाद, नौ मई (भाषा) भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव ने शनिवार को बताया कि विश्व और ओलंपिक पदक विजेताओं सहित 30 देशों के खिलाड़ी 11 से 17 मई तक गांधीनगर में आयोजित होने वाली 2026 एशियाई सीनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि भारत की स्टार भारोत्तोलक और ओलंपिक रजत पदक विजेता साइखोम मीराबाई चानू चोट के कारण इस प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाएंगी।

इस आयोजन में भारत सहित 28 एशियाई देशों के भारोत्तोलक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी अतिथि देश के तौर पर प्रतियोगिता में चुनौती पेश करेंगे।

यादव ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह महाद्वीपीय चैंपियनशिप गांधीनगर के ‘महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित की जाएगी और यह ग्लासगो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफायर के रूप में भी काम करेगी।

आयोजकों के अनुसार, चैंपियनशिप में लगभग 180 खिलाड़ियों के अलावा कोच, प्रतिनिधि, प्रबंधक और सहायक स्टाफ सहित करीब 200 अधिकारी भाग लेंगे।

प्रतियोगिता में छह ओलंपिक पदक विजेता, 35 विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता और 10 एशियाई खेल पदक विजेता हिस्सा लेंगे। इनके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों और महाद्वीपीय चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ी भी इसमें भाग लेंगे।

भारत की ओर से आठ पुरुष और आठ महिला भारोत्तोलक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

भारत के अलावा प्रतियोगिता में चीन, उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, जापान, ईरान, वियतनाम, श्रीलंका, बांग्लादेश तथा कई पश्चिम एशियाई देशों के खिलाड़ी भी भाग लेंगे।

यादव ने कहा, “पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण कुछ देशों की भागीदारी प्रभावित हुई है। युद्ध जैसी स्थिति के चलते ईरान से केवल दो खिलाड़ी आ रहे हैं। इस क्षेत्र के कुछ अन्य देशों ने भी अपने दल का आकार कम कर दिया है।”

आयोजकों ने बताया कि इस दौरान 12 मई को अहमदाबाद में एशियाई भारोत्तोलन महासंघ की कार्यकारी बोर्ड बैठक और वार्षिक कांग्रेस का आयोजन भी किया जाएगा।

भाषा

आनन्द मोना

मोना