टीम के साथ सुरक्षा और आत्मविश्वास का माहौल संयमित रहने में मददगार: गिल

Ads

टीम के साथ सुरक्षा और आत्मविश्वास का माहौल संयमित रहने में मददगार: गिल

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 10:37 PM IST

अहमदाबाद, 23 मार्च (भाषा) गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इंडियन प्रीमियर लीग से पहले सोमवार को यहां कहा कि उनके खेल में जो शांत और धैर्य वाला स्वभाव दिखता है, वह इसलिए है क्योंकि वह खुद पर भरोसा रखते हैं और अपनी टीम के साथ सुरक्षित तथा आत्मविश्वास महसूस करते हैं।

टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे गिल अब गुजरात टाइटंस के लिए छोटे प्रारूप में वापसी करेंगे। यह फ्रेंचाइजी 2022 की चैंपियन और 2023 की उपविजेता रही है और अपनी एकमात्र खिताबी जीत में इजाफा करना चाहेगी।

गिल ने यहां ‘शुभारंभ 2026’ कार्यक्रम में कहा, “मैं बस खुद जैसा हूं और मेरे खेल तथा अपने समूह में जो विश्वास और सुरक्षा है, उसी से मेरे खेल में संयम आता है।”

गुजरात टाइटंस की टीम अपना अभियान 31 मार्च को पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर शुरू करेगी।

गिल ने कहा, “किसी भी परिस्थिति में संयमित रहना आपको व्यापक दृष्टिकोण देता है। आप वर्तमान से आगे देख पाते हैं, बड़ी तस्वीर समझ पाते हैं और दीर्घकालिक सोच स्पष्ट हो जाती है।”

उन्होंने कहा कि यही संयम टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा की भी सबसे बड़ी ताकत है।

पिछले सत्र में गुजरात टाइटंस को एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था। नेहरा ने कहा कि इस बार भी ध्यान केवल खिताब जीतने पर केंद्रित होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “इस सीजन अलग तरह से सोचने की जरूरत नहीं है। वास्तव में, मुझे सोचने की जरूरत नहीं है, खिलाड़ी सोचते हैं। उन्हें खेलना है, मैं बाहर बैठा हूं।”

नेहरा ने कहा, “पहले दिन से हमारी सोच स्पष्ट है। हम सिर्फ भाग लेने नहीं, बल्कि जीतने के लिए यहां हैं। एक नई टीम के लिए यह सोचना आसान होता है कि इसमें समय लगेगा, लेकिन हमारा ऐसा कभी दृष्टिकोण नहीं रहा। यह विश्वास सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरी टीम का है।”

भाषा आनन्द

आनन्द

आनन्द